नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने अमेरिका, ब्रिटेन और रूस में शीर्ष नेताओं से उनके देश को कोविड-19 रोधी टीके की आपूर्ति करने का अनुरोध किया है जो टीके की खुराक के लिए पूरी तरह से विदेशी मदद पर निर्भर है। मंगलवार को मीडिया में आई खबरों में इस बारे में बताया गया। द हिमालयन टाइम्स की खबर के अनुसार अमेरिका में नेपाल के राजदूत युवराज खातिवाड़ा ने राष्ट्रपति जो बाइडन को संबोधित भंडारी के पत्र को अमेरिका के विदेश विभाग में वरिष्ठ सलाहकार एर्विन मासिंगा को दिया।
वाशिंगटन डीसी में नेपाली दूतावास ने कहा कि खातिवाड़ा को अमेरिका से पर्याप्त मदद मिलने की उम्मीद है। दूतावास ने कहा कि नेपाल अमेरिका स्थित जॉनसन एंड जॉनसन द्वारा निर्मित टीके खरीदने का इच्छुक है। अखबार ने कहा कि इसी तरह का अनुरोध मंगलवार को ब्रिटेन में नेपाल के दूतावास द्वारा ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय के माध्यम से किया गया।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लिखे अपने पत्र में भंडारी ने कहा कि नेपाल रूस से स्पुतनिक टीका तत्काल खरीदना चाहता है। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि मास्को में नेपाली दूतावास ने रूस के विदेश मंत्रालय के माध्यम से पुतिन के कार्यालय को यह पत्र भिजवाया है। राष्ट्रपति भंडारी ने पिछले सप्ताह अपने भारतीय समकक्ष रामनाथ कोविंद को नेपाल को टीकों की मदद के लिए पत्र लिखा था।
हिमालयन टाइम्स की 26 मई की खबर के अनुसार उन्होंने राजनयिक माध्यम से राष्ट्रपति कोविंद से बात की थी और टीका उपलब्ध कराने के लिए उनसे पहल करने का अनुरोध किया था। उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से भी बात की थी और उनसे कहा था कि नेपाल अपने नागरिकों के लिए चीनी टीका खरीदने का इच्छुक है।
नेपाल में सिर्फ 6.8 लाख लोगों का टीकाकरण हुआ है जो आबादी का करीब 2.4 प्रतिशत है। दो जनवरी को नेपाल को सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) से टीके की 10 लाख खुराक मिली थी। उसे अंतरराष्ट्रीय कोवैक्स पहल के तहत सात मार्च को कोविशील्ड की 348,000 खुराकें मिली थीं। चीन ने नेपाल की मदद के लिए अब तक 800,000 कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी है। चीन ने 10 लाख खुराक देने की प्रतिबद्धता जताई है।
पिछले सप्ताह राष्ट्रपति भंडारी ने अपने भारतीय और चीनी समकक्षों से कोविड-19 रोधी टीके की निर्बाध आपूर्ति कर देश की मदद करने की अपील की थी। नेपाल में हालांकि महामारी की दूसरी लहर का प्रभाव कम होने लगा है लेकिन अब भी वहां रोजाना करीब 4,000 नए मामले आ रहे हैं। आधिकारिक आंकड़े के अनुसार कोरोना वायरस से देश में अब तक 7,386 लोगों की जान गयी है जबकि 561,302 लोग संक्रमित हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



