बीजिंग, 1 नवंबर (आईएएनएस)। 2026 विश्व शहरी दिवस के वैश्विक मुख्य कार्यक्रम के उद्घाटन के साथ ही शनिवार को दक्षिण-पूर्वी चीन के फूच्येन प्रांत की राजधानी फूचो में चौथा वैश्विक सतत विकास शहरी पुरस्कार (शांगहाई पुरस्कार) प्रदान किया गया।
इस बार दुनिया के पांच शहरों को इस सम्मान के लिए चुना गया। इनमें इथियोपिया की राजधानी अदिस अबाबा, कोलंबिया का सैंटियागो डे कैली, तुर्किये का इस्तांबुल, चीन का चिंगतेचन और पोलैंड का काटोवाइस शामिल हैं।
शांगहाई पुरस्कार का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के 2030 सतत विकास एजेंडा और नए शहरी एजेंडा को स्थानीय स्तर पर लागू करने को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही, सतत शहरी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले शहरों को सम्मानित करना भी इसका मकसद है।
इस मौके पर पुरस्कार से जुड़ा एक विशेष वीडियो और ‘शांगहाई हैंडबुक: 21वीं सदी में सतत शहरी विकास के लिए मार्गदर्शिका’ का 2026 संस्करण भी जारी किए गए। इस पुस्तिका में दुनिया के अलग-अलग देशों के शहरों के सफल अनुभव और बेहतर कामकाज के उदाहरण साझा किए गए हैं।
इस साल के कार्यक्रम का विषय है, ‘नवीनीकरण से सशक्तीकरण, रहने योग्य शहरों का सपना।’ इसका आयोजन चीन के आवास एवं शहरी-ग्रामीण विकास मंत्रालय, संयुक्त राष्ट्र मानव बस्ती कार्यक्रम (यूएन-हैबिटेट) और फूच्येन प्रांतीय सरकार ने मिलकर किया। वहीं, फूचो नगर सरकार और प्रांतीय आवास एवं शहरी-ग्रामीण विकास विभाग ने इसकी मेजबानी की।
गौरतलब है कि दिसंबर 2013 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने हर साल 31 अक्टूबर को विश्व शहरी दिवस मनाने का प्रस्ताव पारित किया था। इसके बाद 2014 से यह दिवस नियमित रूप से मनाया जा रहा है। खास बात यह है कि विश्व शहरी दिवस चीनी सरकार की पहल पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा स्थापित पहला अंतरराष्ट्रीय दिवस है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
एबीएम/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



