पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मोईद युसूफ ने वॉशिंगटन में अपने अमेरिकी समकक्ष जेक सुलीवान से मुलाकात की जिस दौरान दोनों नेताओं ने अफगानिस्तान में हिंसा में तुरंत कमी लाने और राजनीतिक समाधान तलाशने के ‘‘समझौते’’ की जरूरत बताई।
‘द डॉन न्यूज’ ने शुक्रवार को खबर दी कि वार्ता के दौरान परस्पर हित के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं के बीच यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले मार्च में जिनेवा में दोनों की मुलाकात हुई थी। युसूफ ने आज सुबह ट्वीट किया, ‘‘वॉशिंगटन में आज एनएसए जेक सुलीवान के साथ सकारात्मक बैठक हुई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने जिनेवा बैठक के बाद हुई प्रगति का जायजा लिया और परस्पर हित वाले द्विपक्षीय, क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। दोनों पक्ष पाकिस्तान-अमेरिका सहयोग की गति बनाए रखने पर सहमत हुए।’’ हालांकि युसूफ ने बैठक के मुद्दों में अफगानिस्तान का जिक्र नहीं किया लेकिन सुलीवान ने अपने ट्वीट में अफगान मुद्दे के बारे में जानकारी दी।
सुलीवान ने कहा, ‘‘आज मैंने पाकिस्तान के एनएसए से मुलाकात की जहां क्षेत्रीय संपर्क और सुरक्षा तथा परस्पर सहयोग के अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। हमने अफगानिस्तान में हिंसा में कमी लाए जाने की आवश्यकता और संघर्ष के राजनीतिक समाधान ढूंढने के बारे में चर्चा की।’’ अफगानिस्तान से 31 अगस्त तक अमेरिकी सैनिकों की वापसी की घोषणा के बाद से वहां हिंसा काफी बढ़ गई है।


Download Android App
Download iOS App



