पाकिस्तान में कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित लोगों की संख्या 1200 से ऊपर जा चुकी है। वहीं अभी तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी बीच पाकिस्तान ने वायरस के प्रकोप से उत्पन्न आर्थिक संकट से निपटने के लिए तीन बहुपक्षीय ऋणदाताओं से 3.7 अरब डॉलर के अतिरिक्त ऋण की मांग की है।
वित्त मामलों पर प्रधानमंत्री के सलाहकार अब्दुल हफीज शेख ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से 1.4 अरब डॉलर ऋण के अलावा, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक देश में क्रमशः एक अरब डॉलर और 1.25 अरब डॉलर कर्ज देंगे। प्रधानमंत्री खान ने इससे पूर्व 1.2 खरब आर्थिक राहत पैकेज की घोषणा की थी।
विश्व में कोरोना वायरस से मरने वालों का आंकड़ा 24000 के पार, 532263 लोग हुए संक्रमित
ताजा आधिकारिक आंकड़े के अनुसार पाकिस्तान में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 1201 पहुंच गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार सिंध में 421 मरीज, पंजाब में 345, बलूचिस्तान में 131, खैबर पख्तूनख्वा (केपी) में 123, गिलगित-बाल्टिस्तान (जीबी) में 84, इस्लामाबाद में 25 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में एक मामला सामने आया है।
अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 28 लोग ठीक हो गये है और पांच मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित सिंध में नये मामलों में मामली कमी आई है जबकि पंजाब, बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और संघीय राजधानी क्षेत्र में नये मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री खान गुरुवार को इस्लामाबाद में एक पृथक केंद्र गए और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ने उन्हें वहां के प्रबंधों से अवगत कराया। इस बीच पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन्स (पीआईए) ने घोषणा की कि उन यात्रियों के लिए विशेष प्रीमियम उड़ानों का संचालन किया जायेगा, जिन्हें तुरंत घर लौटने की आवश्यकता है। इन उड़ानों का संचालन केवल एक तरफ पाकिस्तान से होगा। यह निर्णय 26 मार्च से दो अप्रैल तक प्रभावी रहेगा।


Download Android App
Download iOS App


