पाकिस्तान ने शनिवार को कहा कि वह कश्मीर के विभाजन और उसकी जनसांख्यिकी बदलने के भारत के किसी भी कदम का विरोध करेगा।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा है कि भारत को पांच अगस्त 2019 की कार्रवाई के बाद कश्मीर में कोई और अवैध कदम उठाने से बचना चाहिए। पाकिस्तान का यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब केन्द्र सरकार ने जम्मू कश्मीर के 14 नेताओं को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली एक उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होने का न्योता दिया है। माना जा रहा है कि इस बैठक में केन्द्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव कराने का खाका तैयार किया जाएगा।
कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत के पांच अगस्त 2019 के कदम का पूरी तरह से विरोध किया है और इस मामले को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सहित सभी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के ऐसे किसी भी कदम का विरोध करने का प्रण लेता है जो क्षेत्र की जनसांख्यिकी को बदलने के लिए जम्मू कश्मीर को विभाजित करने वाले हो। कुरैशी ने कहा कि उन्होंने सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष और संयुक्त राष्ट्र महासचिव को भारत के संभावित कदम से अवगत करा दिया है।


Download Android App
Download iOS App



