इस्लामाबाद : कभी आतंकियों को पालने वाला पाकिस्तान इन दिनों अपने ही दहशतगर्दों से घबराया हुआ है। खबर है कि पाकिस्तान के परमाणु हथियारों पर आतंकी खतरा मंडरा रहा है। फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट (FAS) ने हाल में अपनी एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें इस बात का खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान ने अपने देश में फैले आतंकियों के नेटवर्क से बचाने के लिए देश में मौजूद परमाणु हथियारों को 9 जगहों पर छिपाकर रखा है। पाकिस्तान सरकार को यूं तो इस बात की चिंता है लेकिन हाला में पाक पीएम शाहिद खाकान अब्बासी ने अपने सभी परमाणु हथियारों के सुरक्षित होने का दावा किया।
FAS की यह रिपोर्ट ऐसे समय में सामने आई है जब हाल में पाक पीएम शाहिद खाकान ने पिछले दिनों भारत के ‘कोल्ड स्टार्ट’ सिद्धांत को लेकर एक बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा- भारत के ‘कोल्ड स्टार्ट’ का सामना करने के लिए पाकिस्तान तैयार है। भारतीय फौज का सामना करने के लिए हमारे पास कम रेंज के परमाणु हथियार हैं। हालांकि इस दौरान उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया था कि हमारे परमाणु हथियार पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर जाने माने अमेरिकी परमाणु हथियार एक्सपर्ट हेंस क्रिसटेंसन ने कहा, पाकिस्तान के ये हथियार परमाणु मुखास्त्र बेस के पास रखे गए हैं। ये बेस परमाणु हथियार लॉन्च करने में सक्षम हैं। FAS ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि पाकिस्तान भारतीय फौज के साथ युद्ध की स्थिति के लिए तैयारी कर रहा है। पाकिस्तान ऐसी स्थिति से निपटने के लिए कम रेंज के उप-रणनीतिक परमाणु हथियारों का बेस तैयार कर रहा है।
वहीं रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि इस्लामाबाद गुणात्मक और मात्रात्मक तरीके से अपनी परमाणु शक्तियां तेजी से बढ़ा रहा है। इन्हें बड़े खुफिया तरीके से स्टोर किया जा रहा, ऐसे में इन हथियारों के लोकेशन के बारे में पता लगाना उतना आसान नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



