इस्लामाबाद : पाकिस्तान बुद्ध विश्वविद्यालय स्थापित करने पर विचार कर रहा है। यह देश के अल्पसंख्यकों के ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों पर पर्यटन बढ़ाने की कोशिश का हिस्सा है।
थाईलैंड से पाकिस्तान की यात्रा पर आए नौ सदस्यीय बौद्ध प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए धार्मिक एवं अंतर-धर्म सद्भावना मंत्री पीर नूर-उल-हक कादरी ने कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर या स्वात शहर में स्थापित किया जा सकता है।
‘उर्दू प्वाइंट’ ने सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के हवाले से खबर दी कि पाकिस्तान सरकार पेशावर या स्वात में बुद्ध विश्वविद्यालय स्थापित करने पर विचार कर रही है। बुद्ध से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों पर एक किताब लिखी जाएगी। पाकिस्तान बुद्ध सप्ताह भी मनाएगा।
कादरी ने कहा कि सरकार अल्पसंख्यकों के ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों पर पर्यटन को बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने भारतीय सिख श्रद्धालुओं के लिए करतारपुर गलियारा खोलने के सरकार के हालिया फैसले का हवाला देते हुए कहा कि इससे साबित होता है कि पाकिस्तान सभी अल्पसंख्यकों का सम्मान करता है।


Download Android App
Download iOS App



