पाक के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पनामा पेपर्स घोटाला मामले में देश के राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) द्वारा उनके खिलाफ दायर भ्रष्टाचार के आरोपों के संबंध में आज जवाबदेही कोर्ट के समक्ष पेश हुए। प्राइवेट प्लेन से लाहौर से इस्लामाबाद पहुंचे शरीफ अपनी बेटी मरियम शरीफ एवं दामाद मोहम्मद सफदर के साथ सीधे कोर्ट पहुंचे।
शरीफ रविवार को लंदन से यहां पहुंचे थे। शरीफ की पत्नी को गले के कैंसर का उपचार लंदन में चल रहा है। शरीफ बेटी के साथ अपनी पत्नी से लंदन मिलने गये थे।
न्यायाधीश मोहम्मद बशीर कार्यवाही शुरू करेंगे और अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान दर्ज करेंगे। हो सकता है कि एनएबी इस दौरान कोर्ट में तीन और गवाहों को पेश करेगा ताकि उनके बयान दर्ज किये जा सकें। तीन मामलों में शरीफ परिवार के खिलाफ आठ गवाहों के बयान लिये जा चुके हैं।
शरीफ परिवार के खिलाफ ये तीन मामले अल-अजीजिया कंपनी एंड हिल मेटल इस्टैबलिशमेंट, फ्लैगशिप इन्वेस्टमेंट लिमिटेड और द एवनफिल्ड (लंदन) प्रोपर्टीज से संबंधित हैं। शरीफ और उनके दो बेटो हसन एवं हुसैन का नाम एनएबी के सभी तीनों मामलों में शामिल है जबकि मरियम एवं उनके पति सफदर का नाम केवल एवनफिल्ड मामले में शामिल है। कोर्ट के बाहर सुरक्षा के कई इंतजाम किये गये थे।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



