पेरू के पूर्व राष्ट्रपति ने गिरफ्तारी से बचने के लिए आत्महत्या की

Summary :

मौजूदा राष्ट्रपति मार्टिन विजकारा ने इसकी पुष्टि की है। अस्पताल के बाहर गार्सिया के समर्थकों की भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने आगे नहीं बढ़ने दिया।

 घूसखोरी के आरोपों से घिरे पेरू के पूर्व राष्ट्रपति एलन गार्सिया ने बुधवार को गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस जब गार्सिया को गिरफ्तार करने के लिए उनके घर पहुंची तो उन्होंने खुद को गोली मार ली। उन्हें लीमा स्थित एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बीसीसी के मुताबिक पेरू के मौजूदा राष्ट्रपति मार्टिन विजकारा ने इसकी पुष्टि की है। अस्पताल के बाहर गार्सिया के समर्थकों की भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने आगे नहीं बढ़ने दिया।

गार्सिया पर ब्राजीली निर्माण कम्पनी ओडेबरेच से घूस लेने का आरोप है। गार्सिया 1985 से 1990 और फिर 2006 से 2011 तक पेरू के राष्ट्रपति रहे थे। पुलिस जब गार्सिया को गिरफ्तार करने पहुंची तो वह एक फोन कॉल करने की बात कहते हुए एक कमरे में गए और खुद को वहां बंद कर लिया। थोड़ी देर बाद वहां एक धमाका सुनाई दिया। पुलिस जब दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो देखा कि गार्सिया एक कुर्सी पर बैठे हैं और उनके सिर पर गोली के निशान हैं।

Desk Team