अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 से मिलकर मुकाबला करने पर सहमति जताई साथ ही जलवायु परिवर्तन पर दोनों देशों के बीच साझेदारी को नया स्वरूप देने पर प्रतिबद्धता जताई। सोमवार को बाइडन और मोदी ने फोन पर बातचीत की और उन्होंने दोनों देशों की जनता के फायदे के लिए वैश्विक अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण तथा वैश्विक आतंकवाद के खतरे का मिलकर सामना करने पर भी सहमति व्यक्त की।
व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी। बातचीत का ब्यौरा देते हुए व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया, “राष्ट्रपति जोसेफ आर बाइडन जूनियर ने आज (सोमवार) भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अमेरिका और भारत द्वारा कोविड-19 से मुकाबला करने के लिए साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन पर आपसी साझेदारी को नया स्वरूप देने, दोनों देशों के नागरिकों के लाभ के लिए वैश्विक अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण और आतंकवाद से मिलकर मुकाबला करने की प्रतिबद्धता जाहिर की।”
व्हाइट हाउस से जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने हिंद प्रशांत क्षेत्र में मुक्त व्यापार को बढ़ावा देने के वास्ते नजदीकी सहयोग को जारी रखने पर सहमति जताई। इसमें नौवहन की स्वतंत्रता, क्षेत्रीय अखंडता और ‘क्वाड’ के जरिये मजबूत क्षेत्रीय अवसंरचना का निर्माण शामिल है। बातचीत के दौरान बाइडन ने विश्व भर में लोकतांत्रिक संस्थानों की रक्षा करने के अपने संकल्प को रेखांकित किया और कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति साझा प्रतिबद्धता भारत अमेरिका संबंधों का आधार है।
इसमें कहा गया, “इसके अलावा दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि बर्मा में लोकतांत्रिक प्रक्रिया और कानून का पालन होना चाहिए। दोनों नेताओं ने कई वैश्विक मुद्दों पर बातचीत की प्रकिया को जारी रखने और आने वाले समय में भारत तथा अमेरिका के संबंधों को आगे ले जाने पर सहमति जताई।”


Download Android App
Download iOS App



