PM मोदी ने बांग्लादेश की पीएम और अबू धाबी के वली अहद को दी ईद की मुबारकबाद

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अबू धाबी के वली अहद (क्राउन प्रिंस) शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कोरोना वायरस महामारी के चलते उभर रही स्थिति पर चर्चा भी की।

देशभर में लॉकडाउन के दौरान सोमवार को ईद उल फितर का त्यौहार बहुत सादगी से मनाया गया। हालांकि, मस्जिदों में सामूहिक रूप से नमाज अदा नहीं हुई और लोगों ने अपने घरों में ही इस त्यौहार को मनाया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अबू धाबी के वली अहद (क्राउन प्रिंस) शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कोरोना वायरस महामारी के चलते उभर रही स्थिति पर चर्चा भी की।
मोदी ने ट्विटर कर लिखा, ‘‘मोहम्मद बिन जायद और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लोगों को ईद की मुबारकबाद।’’ प्रधानमंत्री ने यूएई में भारतीय नागरिकों का सहयोग करने को लेकर वली अहद का शुक्रिया भी अदा किया, जो यूएई सशस्त्र बलों के उप सर्वोच्च कमांडर हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भारत-यूएई सहयोग कोविड-19 चुनौती के दौरान और मजबूत हुआ है। ’’

वहीं, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हसीना के साथ चर्चा में मोदी ने उन्हें और बांग्लादेश के लोगों को ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी। पीएम मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘हमने चक्रवात अम्फान के प्रभाव के बारे में और कोविड-19 महामारी की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। इस चुनौतीपूर्ण समय में बांग्लादेश को भारत की ओर से सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।’’एक अन्य बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने चक्रवात अम्फान से हुए नुकसान का अपना-अपना आकलन भी साझा किया। इसमें कहा गया है, ‘‘दोनों नेताओं ने कोविड-19 महामारी और इस बारे में दोनों देशों के बीच जारी सहयोग पर भी चर्चा की।’’प्रधानमंत्री मोदी ने बांग्लादेश को इन चुनौतियों से निपटने में भारत के सहयोग का वादा किया।

Desk Team