उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में आज एक और व्यक्ति की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हो गई जिसके बाद जिले में संक्रमण से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है।
गौरतलब हो कि इससे पहले शहर के लूकरगंज निवासी की पांच मई की रात में कोविड -19 के संक्रमण से मौत हुई थी।
जिले के नोडल अधिकारी (कोविड-19) डाक्टर ऋषि सहाय ने बताया कि जिले में सोमवार को और दो व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए जिससे यहां कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 67 पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ के निवासी इस व्यक्ति को रविवार को प्रतापगढ़ से सीधे एसआरएन अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया था जिसकी आज मृत्यु हो गई। वह कोरोना वायरस से संक्रमित था।
उन्होंने बताया कि कालिंदीपुरम पृथक केंद्र में रह रही एक महिला की रविवार देर रात मृत्यु हो गई। हालांकि इसकी कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। यह महिला गंगापार मेजा की रहने वाली थी और 23 मई को कालिंदीपुरम पृथक केंद्र आई थी। रविवार रात उसे अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई जिसके बाद उसे तत्काल एसआरएन अस्पताल भेजा गया।
सहाय ने बताया कि शंकरगढ़ में लालापुर की एक महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। हाल ही में इसके पति की दिल का दौरा पड़ने से से मृत्यु हो गई थी। सहाय ने बताया कि करछना के अरई से भी एक महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है जो 17 मई को मुंबई से लौटी है। दोनों ही मरीजों को एल-1 अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस तरह से जिले में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 67 पर पहुंच गई है।


Download Android App
Download iOS App



