वारसा, 9 नवंबर (आईएएनएस)। पोलैंड के क्राको शहर में शनिवार को हुई भीषण गोलीबारी में छह लोगों की जान लेने वाले हमलावर की अस्पताल में मौत हो गई। पोलिश पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
हमलावर के बारे में अभी बहुत कम जानकारी सामने आई है। उसने क्राको के ऐतिहासिक मुख्य चौक पर अपनी कार से लोगों पर गोलियां चलाई थीं, जिसके कुछ ही मिनटों बाद पुलिस ने उसे गोली मार दी और गिरफ्तार कर लिया।
पोलिश न्यूज एजेंसी पीएपी ने सरकार के बयान का हवाला देते हुए बताया कि हमलावर 24 साल का था और दक्षिण-पूर्वी पोलैंड के ओस्ट्रोविएक स्विएतोक्रजिस्की शहर का रहने वाला था। उसकी आबादी 60,000 से कुछ कम है। सरकार के अनुसार, वह ‘कट्टर-दक्षिणपंथी’ विचारधारा से प्रेरित हो सकता है, हालांकि इस बारे में कोई और विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
गृह मंत्रालय की प्रवक्ता कैरोलिना गैलेका ने रेडियो ‘टीओके एफएम’ को बताया, “हमलावर के कपड़ों पर कई अलग-अलग प्रतीक थे, जिनकी आंशिक रूप से जांच और व्याख्या की गई है।”
उन्होंने आगे कहा, “ये प्रतीक अलग-अलग चीजों से जुड़े हैं, जिनका विश्लेषण अभी विशेषज्ञ कर रहे हैं।” उन्होंने इस मामले पर और कुछ भी कहने से इनकार कर दिया, क्योंकि अभी जांच चल रही है।
बता दें कि बीते शनिवार (7 नवंबर) को दोपहर करीब 3 बजे, एक तेज रफ्तार कार क्राको के मशहूर मुख्य चौक पहुंची। यहां आमतौर पर भारी तादाद में पर्यटक रहते हैं। कार के अंदर 24 साल का एक पोलिश युवक था, जिसने नकाब पहन रखा था और सेना जैसी पोशाक पहनी हुई थी। उसने अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिससे लोग जान बचाने के लिए पास के कैफे, रेस्तरां और इमारतों के आंगन में भागने लगे। आपातकालीन सेवाओं ने पूरे इलाके को लॉकडाउन (बंद) करने का आदेश दे दिया।
संदिग्ध हमलावर को रोकने की कोशिश में पुलिस के साथ उसकी गोलीबारी हुई, जिसमें दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए। हमलावर को भी गोली लगी और वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया था। इस हमले में छह लोगों की मौत हो गई थी।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



