आम चुनावों में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को मिला बहुमत, PM मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने दी बधाई

Summary :

प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (55) ने कहा कि इस जीत से उन्हें ‘ब्रिटेन को यूरोपीय संघ से अलग करने’ और अगले महीने तक ब्रेग्जिट करने का जनादेश मिला है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने आम चुनाव में शुक्रवार को बहुमत हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही ब्रेग्जिट पर अनिश्चितता खत्म हो जाएगी और ब्रिटेन की अगले महीने के अंत तक यूरोपीय संघ से अलग होने की राह आसान हो जाएगी। स्काई न्यूज और बीबीसी के अनुसार, चुनाव नतीजे दिखाते हैं कि बोरिस की अगुवाई वाली कंजर्वेटिव पार्टी ने निचले सदन हाउस ऑफ कॉमन्स में 650 सीटों में से 326 सीटें जीत ली हैं। 
जॉनसन (55) ने कहा कि इस जीत से उन्हें ‘ब्रिटेन को यूरोपीय संघ से अलग करने’ और अगले महीने तक ब्रेग्जिट करने का जनादेश मिला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉनसन को स्पष्ट बहुमत मिलने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा, प्रधानममंत्री बोरिस जॉनसन को प्रचंड बहुमत के साथ उनकी वापसी के लिए ढेर सारी बधाई शुभकामनाएं देता हूं। और भारत-ब्रिटेन संबंधों को करीब से देखने के लिए मिलकर काम करना चाहता हूं।


ट्रंप ने अबतक के नतीजों को ब्रिटेन के प्रधानममंत्री के लिए बड़ी जीत करार देते हुए ट्वीट किया,‘‘ बोरिस बहुत बड़ी सफलता की ओर अग्रसर हैं।’’ बोरिस ने भी शुरुआती जीत पर प्रशंसा व्यक्त करते हुए देशवासियों और अपने सहयोगियों के प्रति शुक्रिया अदा किया है। ब्रेजिक्ट मुद्दे को लेकर गुरुवार को मतदान हुआ था। 


गौरतलब है कि जॉनसन ने कंजर्वेटिव पार्टी को बहुमत दिलाने और ब्रेग्जिट को लेकर हाउस ऑफ कॉमन्स में गतिरोध तोड़ने की कवायद के तहत मध्यावधि चुनाव की घोषणा की थी। यह तकरीबन एक सदी में ब्रिटेन के दिसंबर में हुए पहले आम चुनाव हैं और मतदाताओं ने ठिठुरती ठंड में घरों से बाहर निकलकर वोट डाला। 

Desk Team