अमेरिका दक्षिण एशिया में सुरक्षा और स्थिरता के अपने लक्ष्य को पाने के लिए पाकिस्तान की नई सरकार के साथ काम करने की अवसर की प्रतीक्षा में है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान में नई सरकार बनने जा रही है, ऐसे में अमेरिका दक्षिण एशिया में सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि के अपने लक्ष्य को पाने के लिए सरकार के साथ काम करने के लिए तैयार है।’ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान देश के अगले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं,
जिन्होंने एक ‘नए पाकिस्तान’ को बनाने का वादा किया है। अमेरिकी प्रवक्ता ने कहा कि दक्षिण एशिया के लिए अमेरिकी रणनीति और अफगान शांति वार्ता के मुद्दे पर वाशिंगटन, इस्लामाबाद के साथ नजदीकी बनाकर काम करेगा।
अधिकारी ने साथ ही कहा कि अमेरिका ‘चुनाव के दौरान अभिव्यक्ति, संगठन और मीडिया की स्वतंत्रता पर बाधाएं लगाने की रिपोर्ट से चिंतित रहा है।’ पीटीआई के जीत के बाद पाकिस्तान मुस्लिम लीग (पीएमएल-एन) के जेल में बंद नेता व पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने ‘चुनाव में धांधली’ का आरोप लगाते हुए नतीजों को खरिज कर दिया है और कहा कि ‘वह इसके खिलाफ हर प्रकार के कानूनी और राजनीतिक तरीके का सहारा लेंगे।’


Download Android App
Download iOS App


