नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (एफएसबी) ने मॉस्को के बाहर एक रणनीतिक रक्षा संयंत्र पर आतंकी साजिश मामले में मुख्य आरोपी समेत आठ लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया।
रूसी समाचार एजेंसी ‘टास’ के अनुसार, एफएसबी ने दावा किया कि 35 एफपीवी ड्रोन से हमला करने की साजिश की गई थी। इस साजिश में आठ लोग शामिल थे।
टास की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले महीने एफएसबी ने कहा था कि यूक्रेन की विशेष सेवाओं की ओर से मॉस्को क्षेत्र में स्थित एक रणनीतिक रक्षा संयंत्र पर हमले की योजना को नाकाम कर दिया गया था। इस योजना में 35 एफपीवी ड्रोन का इस्तेमाल किया जाना था, जिनमें शक्तिशाली विस्फोटक लगाए गए थे। एफएसबी के अनुसार, ये विस्फोटक यूरोपीय संघ (ईयू) से तस्करी करके लाए गए थे।
एफएसबी ने कहा, “इस तोड़फोड़ की साजिश में शामिल मुख्य आरोपी और उसके सात सहयोगियों को आपराधिक जांच के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।” एजेंसी ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान एक सहयोगी ने हथियारों के साथ विरोध किया, जिसके बाद उसे निष्क्रिय कर दिया गया।
टास की रिपोर्ट के अनुसार, एफएसबी ने जुलाई में कहा था कि उसने मॉस्को क्षेत्र के एक रिहायशी इलाके में स्थित रणनीतिक संयंत्र को निशाना बनाकर यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (एसबीयू) की ओर से रची गई एक कथित आतंकवादी साजिश को विफल कर दिया था। बताया गया कि इस योजना में 35 ड्रोन का इस्तेमाल होना था। एफएसबी के अनुसार, ये ड्रोन स्लोवाकिया से पोलैंड और बेलारूस के रास्ते रूस में तस्करी करके लाए गए थे और इसमें यूरोपीय खुफिया सेवाओं की भी कथित मदद शामिल थी।
जांच एजेंसी के मुताबिक, योजना के तहत ड्रोन को एक किराए के हैंगर से उड़ाया जाना था, जिसकी तैयारी दो मोल्दोवा नागरिकों ने की थी। बाद में वे रूस छोड़कर फरार हो गए। विस्फोटकों की खेप मुख्य हमलावर को सौंपी गई थी, जिसे गिरफ्तारी के दौरान निष्क्रिय कर दिया गया।
टास के अनुसार, एफएसबी का दावा है कि अल्बर्ट वासिलिएव, जो यूक्रेन और अमेरिका दोनों की नागरिकता रखते हैं तथा ‘कीवस्टोनर’ नाम से जाने जाने वाले एक यूक्रेनी वीडियो ब्लॉगर और रैपर हैं, इस हमले की योजना बनाने और इसमें शामिल लोगों के बीच समन्वय करने में शामिल थे।
–आईएएनएस
एवाई/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



