रूस अगले कुछ दिनों में यूक्रेन पर हमला कर सकता है : बाइडन

Summary :

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस बात के कई संकेत हैं कि रूस अगले कुछ दिनों में यूक्रेन पर हमला कर सकता है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस बात के कई संकेत हैं कि रूस अगले कुछ दिनों में यूक्रेन पर हमला कर सकता है।
 तनाव के बीच बाइडन की आई टिप्पणी 
रूस और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के बीच बाइडन की यह टिप्पणी आई है। इससे इस बात की आशंका बढ़ गई है कि मास्को यूक्रेन पर हमला करने की योजना बना रहा है। रूस ने हालांकि कहा है कि उसकी यूक्रेन पर हमला करने की कोई योजना नहीं है।
बाइडन ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे पास ऐसे कई संकेत है कि वे (रूस) यूक्रेन में घुसने, यूक्रेन पर हमला करने के लिए तैयार हैं।’’
उन्होंने कहा कि यूक्रेन से लगी सीमा से रूसी सेना की वापसी के दावे पर अमेरिका को कोई संकेत नहीं नजर आया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास ‘‘विश्वास करने का कारण है कि रूस बनावटी बातें कर रहा है ताकि वह अंदर जाने का बहाना तलाश सके।’’
यूक्रेन पर रूसी हमले का खतरा अभी बहुत ज्यादा है – बाइडन
बाइडन ने सवालों के जवाब में कहा कि यूक्रेन पर रूसी हमले का खतरा अभी बहुत ज्यादा है। उन्होंने कहा कि हमला अगले कुछ दिनों में हो सकता है और उन्होंने यूक्रेन पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की प्रतिक्रिया को नहीं पढ़ा है।
कई खबरों के अनुसार, रूस ने यूक्रेन की सीमाओं के आसपास लगभग 1,50,000 बलों को तैनात किया है।
‘सीएनएन’ ने विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया गया कि बाइडन प्रशासन द्वारा क्रेमलिन को तीन सप्ताह पहले एक लिखित दस्तावेज दिए जाने के बाद अमेरिका को रूस से जवाब मिला है।
इस बीच मास्को ने रूस में अमेरिकी दूतावास में दूसरे सबसे वरिष्ठ राजनयिक को निष्कासित कर दिया है।
अमेरिका ने बृहस्पतिवार को इस बात की पुष्टि की कि रूस ने मास्को में उसके दूतावास में एक वरिष्ठ राजनयिक को निष्कासित कर दिया है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा, ‘‘रूस ने अमेरिकी उप राजदूत बार्ट गोर्मन को निष्कासित कर दिया है, जो दूतावास में दूसरे सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं।’’
रूस ने हालांकि अभी तक यह नहीं बताया है कि उसने यह कदम क्यों उठाया है।
विभाग ने कहा कि मॉस्को ने यह कार्रवाई ‘‘बिना उकसावे के की है और हम इसे एक भड़काऊ कदम मानते हैं और अपनी प्रतिक्रिया पर विचार कर रहे हैं।’’

Shera Rajput