संयुक्त राष्ट्र : संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने फ्रांस के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति इमैन्युएल मैकरॉन को फोन कर कहा है कि वह वैश्विक मामलों में फ्रांस की मजबूत भागीदारी की उम्मीद कर रहे हैं।
गुतारेस के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। मैकरॉन की जीत संरा के लिए अच्छी खबर है क्योंकि यह विश्व निकाय अमेरिका से मिलने वाली आर्थिक सहायता में कटौती की आंशका से जूझ रहा है।
संरा प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कल बताया कि फोन पर बातचीत में गुतारेस ने मैकरॉन से कहा कि ”बहुपक्षीय प्रणाली में वह फ्रांस से मजबूत भागीदारी की उम्मीद लगा रहे हैं।” मैकरॉन ने जलवायु परिवर्तन पर पेरिस समझौते का बचाव करने तथा अंतरराष्ट्रीय संकट का हल निकालने के लिए साझेदारों के साथ मिलकर काम करने का वादा किया था।
मैकरॉन का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को होना है। संरा प्रमुख और उनकी जल्द मुलाकात की संभावना है। गुतारेस और मैकरॉन के बीच पिछली मुलाकात दिसंबर में हुई थी।
– एएफपी


Download Android App
Download iOS App



