पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हुए एक आतंकवादी हमले में कम से कम सात पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। पाकिस्तानी सेना ने रविवार को बताया कि आतंकवादियों ने कल देर रात प्रांत के हरनई क्षेत्र में फ्रंटियर कोर की एक चौकी पर गोलीबारी की।
पाकिस्तानी सेना ने कहा कि इस पर दोनों ओर से हुई भीषण गोलीबारी में सात सैनिक मारे गए।
इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए बाहर जाने के सारे रास्ते बंद कर दिए गए हैं। साथ ही, व्यापक स्तर पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
पाक सेना ने कहा, ‘‘देश विरोधी ताकतों के समर्थन से दुश्मन ताकतों द्वारा किए गये ऐसे कायराना कृत्यों के जरिए बलूचिस्तान में कड़ी मशक्कत से कायम की गई शांति एवं समृद्धि को नष्ट नहीं करने दिया जाएगा। ’’
हमले की घटना पर टिप्पणी करते हुए प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि सैनिकों की जान जाने से वह दुखी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘उनके परिजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।’’
गौरतलब है कि पांच दिन पहले प्रांत में सुरक्षा बलों ने 10 आतंकवादियों को मार गिराया था, जिसके बाद हमले की यह घटना हुई है।
अलगाववादी संगठनों से जुड़े आतंकवादी और चरमपंथी नियमित रूप से सुरक्षा बलों और सूबे में चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) परियोजना से जुड़े कर्मचारियों पर हमले करते रहे हैं।
ग्वादर जिले में अक्टूबर महीने में हुए ऐसे ही एक हमले में फ्रंटियर कोर के सात सैनिक और ऑयल ऐंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (ओजीडीसीएल) की सुरक्षा में लगे गैर सैनिक कई कर्मचारी मारे गए थे।


Download Android App
Download iOS App


