इस्लामाबाद : पाकिस्तान के अपदस्थ प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनके दोनों बेटे भ्रष्टाचार और धनशोधन के मामले में राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) के कार्यालय में पेश नहीं हुए हैं। पाकिस्तान के समाचार पत्र ‘द डॉन’ के मुताबिक श्री शरीफ और उसके दोनो बेटों को कल एनएबी कार्यालय में पेश होना था और इसी के मद्देनजर कल लगभग 200 पुलिस कर्मी को कार्यालय के चारों ओर तैनात किया गया था,लेकिन तीनों ने इस पूछताछ प्रकिया में हिस्सा नहीं लिया।
एनएबी की पांच सदस्यीय टीम में एक अतिरिक्त निदेशक, एक उप निदेशक और एक सहायक निदेशक शामिल थे। श्री शरीफ और उनके दोनों बेटों के कार्यालय नहीं पहुंचने पर ये लोग रावलपिंडी लौट आये थे और एजेंसी के अध्यक्ष के साथ परामर्श के बाद शरीफ परिवार को कोई दूसरा नोटिस भेजने या नहीं भेजने का निर्णय लेंगे।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के आंतरिक सूत्रों के अनुसार श्री शरीफ और उनके दोनों बेटों ने अपने निकटतम सहयोगियों और कानूनी जानकारों की टीम से परामर्श लेने के बाद निर्णय लिया कि जब तक 28 जुलाई को उन्हें पद से हटाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के फैसले के संबंध में दायर समीक्षा याचिका का फैसला नहीं आ जाता वे ब्यूरो के समक्ष पेश नहीं होंगे।


Download Android App
Download iOS App



