श्रीलंका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने पाकिस्तान यात्रा के इमरान खान के न्योते को स्वीकारा

Summary :

जयशंकर मंगलवार को बिना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के दो दिन के दौरे पर यहां आए। राष्ट्रपति राजपक्षे से मुलाकात करने वाले वह पहले विदेश मंत्री हैं।

श्रीलंका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने पाकिस्तान की यात्रा के लिए वहां के प्रधानमंत्री इमरान खान के न्योते को स्वीकार लिया है। पाकिस्तान उच्चायोग ने बुधवार को इस बारे में बताया। खान ने मंगलवार को राजपक्षे को फोन कर उन्हें चुनावी जीत पर बधाई दी और अपनी सुविधा के मुताबिक जल्द पाकिस्तान की यात्रा पर आने का उन्हें न्यौता दिया। 
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर श्रीलंका के राष्ट्रपति 29 नवंबर को भारत की यात्रा करेंगे। पद संभालने के बाद गोटबाया का यह संभवत: पहला आधिकारिक विदेश दौरा होगा। जयशंकर मंगलवार को बिना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के दो दिन के दौरे पर यहां आए। राष्ट्रपति राजपक्षे से मुलाकात करने वाले वह पहले विदेश मंत्री हैं। 
श्रीलंका के अधिकारियों के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी की ओर से निजी तौर पर बधाई का और भारत दौरे के आमंत्रण का पत्र लेकर वह आए। राजपक्षे ने श्रीलंका के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की। परिणाम की घोषणा रविवार को की गयी थी। मोदी ने रविवार को राजपक्षे को फोन कर चुनावी जीत पर बधाई दी और पहले आधिकारिक दौरे पर भारत आने का आमंत्रण दिया था।

Desk Team