सुल्तान महमूद को मंगलवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) का राष्ट्रपति चुन लिया गया। क्षेत्र की विधानसभा द्वारा महमूद को पीओके का राष्ट्रपति चुना गया है।
महमूद को सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) का समर्थन प्राप्त था, जिसने 25 जुलाई को हुए चुनाव में जीत हासिल की थी। उन्हें अपने प्रतिद्वंद्वी संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार मियां अब्दुल वहीद के मुकाबले 34 वोट हासिल हुए। वहीद को 16 वोट मिले। महमूद सरदार मसूद खान का स्थान लेंगे जिनका कार्यकाल 24 अगस्त को समाप्त होगा।
महमूद एक अनुभवी राजनेता हैं और उन्होंने जुलाई 1996 – जुलाई 2001 के बीच पीओके के प्रधानमंत्री के रूप में भी कार्य किया है। महमूद पीटीआई के क्षेत्रीय अध्यक्ष हैं और एलए-3, मीरपुर-तृतीय से विधानसभा के सदस्य चुने गए थे।
भारत ने पीओके में हाल के चुनावों को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि ‘‘दिखावे की यह कवायद’’ कुछ और नहीं बल्कि पाकिस्तान द्वारा ‘‘अपने अवैध कब्जे को छिपाने’’ का प्रयास है और उसने इस मुद्दे पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
पीओके में चुनावों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा था कि पाकिस्तान का ‘‘इन भारतीय क्षेत्रों पर कोई अधिकार नहीं है’’ और उसे अपने अवैध कब्जे वाले सभी भारतीय क्षेत्रों को खाली करना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



