नयी दिल्ली : विदेश मंत्री सुषमा स्वराज दो दिवसीय यात्रा पर 14 जुलाई को बहरीन जा रही है जहां द्विपक्षीय सहयोग पर अहम वार्ता होगी । विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज 14..15 जुलाई को बहरीन की यात्रा पर मनामा जा रही हैं । ’’ अपनी यात्रा के दौरान सुषमा स्वराज अपने बहरीन के समकक्ष शेख खालीद बिन अहमद बिन मोहम्मद बिन खलीफा के साथ दूसरे उच्च संयुक्त आयोग की सह अध्यक्षता करेंगी ।
सुषमा अपनी बहरीन यात्रा के दौरान शनिवार को भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगी । रविवार को भारतीय विदेश मंत्री का वहां के राजनीतिक नेतृत्व से चर्चा करने का कार्यक्रम है। कुमार ने बताया कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच 2..3 समझौते पर हस्ताक्षर भी किये जा सकते हैं । इस यात्रा से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने में मदद मिलेगी ।


Download Android App
Download iOS App



