अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति जो बाइडेन से मिली करारी हार और व्हाइट हाउस से जाने के बाद पहली बार प्रचार मुहिम अंदाज में शनिवार को की गई अपनी रैली में एक बार फिर अपने दावों को दोहराया और राष्ट्रपति पद के चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी के शासन में देश का भविष्य चिंताजनक होने की आशंका है।
ट्रंप की इस रैली का मकसद उस रिपब्लिकन से बदला लेना था, जिसने उनके खिलाफ दूसरे महाभियोग की सुनवाई के पक्ष में मतदान किया था। व्हाइट हाउस में ट्रंप के सहयोगी रहे मैक्स मिलर का समर्थन करने के लिए क्लीवलैंड के निकट ओहायो के लोरेन काउंटी फेयरग्राउंड में शनिवार को रैली आयोजित की गई। मिलर प्रतिनिधि सभा के सदस्य एवं रिपब्लिकन नेता एंथनी गोंजालेज को संसद की एक सीट के लिए चुनौती दे रहे हैं।
गोंजालेज प्रतिनिधि सभा में पार्टी के उन 10 सदस्यों में शामिल हैं, जिन्होंने कैपिटल इमारत में 6 जनवरी को हुए हमले के लिए भीड़ में कथित भूमिका को लेकर ट्रंप के खिलाफ महाभियोग के समर्थन में मतदान किया था। ट्रंप ने राष्ट्रपति पद के चुनाव का जिक्र करते हुए रैली में कहा, ‘‘हमने बड़ी जीत हासिल की थी, लेकिन उन्होंने कुछ ऐसा काम किया, जिसकी किसी को अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।’’


Download Android App
Download iOS App



