वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज कहा कि उनके देश के फिर से पेरिस जलवायु समझौते में शामिल होने की संभावनाएं हैं। ट्रंप ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, साफ तौर पर कहूं तो इस समझौते से मुझे कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन उन्होंने जिस समझौते पर हस्ताक्षर किए मुझे उससे दिक्कत थी क्योंकि हमेशा की तरह उन्होंने खराब समझौता किया।
राष्ट्रपति ने कहा, हम संभावित रूप से समझौते में फिर से शामिल हो सकते हैं। पिछले साल जून में ट्रंप ने ग्लोबल वार्मिंग के लिए जिम्मेदार उत्सर्जन पर रोक लगाने के लिए 2015 में हुए समझौते से अलग होने की मंशा जताई थी। समझौते से अलग होने की प्रक्रिया लंबी और जटिल है और ट्रंप की टिप्पणियों से यह सवाल उठेंगे कि क्या वह वास्तव में अलग होना चाहते हैं या अमेरिका में उत्सर्जन की राह आसान बनाना चाहते हैं।
नॉर्वे की प्रधानमंत्री एर्ना सोलबर्ग के साथ संयुक्त रूप से संवाददाता सम्मेलन का संबोधित करते हुए ट्रंप ने खुद को पर्यावरण का हितैषी दिखाया। उन्होंने कहा, मैं पर्यावरण को लेकर गंभीर हूं। हम स्वच्छ जल, स्वच्छ हवा चाहते हैं लेकिन हम ऐसे उद्यम भी चाहते हैं जो प्रतिस्पर्धा में बने रहे सकें। ट्रंप ने कहा, नॉर्वे की सबसे बड़ी सम्पत्ति जल है। उनके पास पनबिजली का भंडार है। यहां तक कि आपकी ज्यादातर रूर्जा या बिजली पानी से उत्पन्न होती है। काश हम इसका कुछ हिस्सा ही कर पाएं।


Download Android App
Download iOS App



