UN प्रमुख ने कश्मीर में अत्यधिक संयम बरतने को कहा – शिमला समझौते का दिया हवाला

Summary :

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने भारत और पाकिस्तान से अत्यधिक संयम बरतने को कहा और शिमला समझौते का जिक्र किया जो इस मुद्दे पर किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को नकारता है।

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने भारत और पाकिस्तान से अत्यधिक संयम बरतने को कहा और शिमला समझौते का जिक्र किया जो इस मुद्दे पर किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को नकारता है।
 
गुतारेस का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब भारत सरकार ने जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को समाप्त कर दिया है। 
पाकिस्तान ने भारत के इस कदम को ‘‘एकपक्षीय और अवैध’’ करार देते हुए कहा है कि वह इस मामले को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ले जाएगा। 
गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि महासचिव जम्मू कश्मीर में स्थिति पर नजर रख रहे हैं और अत्यधिक संयम बरतने की मांग करते हैं। 
दुजारिक ने खास तौर पर कहा कि महासचिव ने भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर 1972 में हुए शिमला समझौते का जिक्र किया जो यह कहता है कि जम्मू कश्मीर पर कोई भी हल संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के मुताबिक शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाएगा। 
गुतारेस ने यह भी कहा कि सभी पक्ष ऐसे कदम उठाने से बचें जो जम्मू कश्मीर की स्थिति को प्रभावित करते हों। 

Shera Rajput