बीजिंग : अमेरिकी राजदूत ने तिब्बत की अपनी यात्रा के दौरान चीन से दलाई लामा के साथ वार्ता करने का अनुरोध किया है। बीजिंग स्थित अमेरिकी दूतावास ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यहां नियुक्त अमेरिकी राजदूत टेरी ब्रानस्टड ने उत्तर पश्चिम चीन के छिंघाई प्रांत का दौरा किया, जो तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र है और वहां राजनयिक एवं पत्रकारों के प्रवेश पर प्रतिबंध है।
दूतावास के प्रवक्ता ने ईमेल के जरिए एएफपी से कहा, ‘‘उन्होंने चीन सरकार को दलाई लामा या उनके प्रतिनिधियों से बगैर किसी पूर्व शर्त के वार्ता करने के लिए प्रोत्साहित किया है ताकि मतभेदों को दूर किया जा सके। ’’
मानवाधिकार संगठनों ने चीन पर तिब्बत के क्षेत्र में दमन करने और वहां की संस्कृति पर प्रहार करने तथा अलगवाद पर कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि तिब्बत की राजधानी ल्हासा में विद्रोह नाकाम होने के बाद दलाई 1959 में भारत आने के बाद से अपने लोगों के भविष्य को लेकर चीन सरकार से समझौता की कोशिश करते रहे हैं।
तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा अब व्यापक स्वायत्ता के लिए अभियान चला रहे हैं। लेकिन 2010 से बीजिंग के साथ वार्ता रूकी पड़ी है।
अमेरिकी राजदूत ने तिब्बत के धार्मिक एवं सांस्कृतिक नेताओं से मुलाकात की।


Download Android App
Download iOS App

