अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के विशेष सलाहकार (कोविड-19) स्कॉट एटलस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। स्कॉट एटलस ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने में नाकामी को लेकर आलोचना झेलने के बाद इस्तीफा दिया। एटलस महज चार महीने ही इस पद पर रह पाए । एटलस के पास लोक स्वास्थ्य या संक्रामक बीमारियों से निपटने का कोई औपचारिक तजुर्बा नहीं था। उन्होंने महामारी रोकने के लिए मास्क पहनने की जरूरत और अन्य उपायों पर भी सवाल उठाए थे। अमेरिका में संक्रमण के कारण 2,68,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
मास्क को अनुपयोगी बताते हुए उन्होंने लॉकडाउन का भी विरोध किया था और ‘हर्ड इम्युनिटी’ के विचार को बढ़ावा दिया। स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय के न्यूरो-रेडियोलॉजिस्ट एटलस ने सोमवार को अस्थायी पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोमवार को त्यागपत्र की एक तस्वीर भी ट्वीट की। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन की आगामी टीम का हवाला देते हुए एटलस ने कहा, ‘‘मुश्किल वक्त में देश का मार्गदर्शन करने जा रही नयी टीम के सदस्यों मेरी शुभकामनाएं।’’ ट्विटर ने अक्टूबर में एटलस का एक ट्वीट हटा दिया था जिसमें उन्होंने मास्क की महत्ता को कमतर बताने की कोशिश की थी।
डॉ एंथनी फौसी और बीमारी रोकथाम नियंत्रण केंद्र के विशेषज्ञों ने आरोप लगाया था कि एटलस राष्ट्रपति ट्रंप को वायरस के प्रसार के बारे में भ्रामक और फर्जी सूचनाएं देते हैं । अमेरिका कोविड-19 से बुरी तरह प्रभावित हुआ। देश में संक्रमण के 1,35,41,000 मामले आ चुके हैं और 2,68,000 लोगों की मौत हो चुकी है ।


Download Android App
Download iOS App



