US Tariff On Canada: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर टैरिफ को लेकर बड़ा फैसला लिया है। इस बार उन्होंने कनाडा से आने वाले कई उत्पादों पर 50 % तक नया इम्पोर्ट ड्यूटी लगाने का आदेश जारी किया है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि कनाडा लंबे समय से अमेरिकी उत्पादों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार कर रहा है। इसी वजह से यह कदम उठाया गया है। व्हाइट हाउस के अनुसार, नए टैरिफ अगले 30 दिनों के अंदर लागू कर दिए जाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नई घोषणा में कनाडा से आने वाले कई उत्पाद पर इस फैसले का असर देखने को मिलेगा। इनमें शराब, ऑटोमोबाइल, डेयरी प्रोडक्ट , रेफ्रिजरेशन से जुड़े इलेक्ट्रिक इक्विपमेंट और कई तरह की मशीनरी शामिल हैं। इन वस्तुओं पर अब 50 % तक एक्स्ट्रा चार्ज लगाया जाएगा। हालांकि कुछ उत्पादों को राहत भी दी गई है। ऊर्जा (एनर्जी), पोटाश और पहले से सेक्टर-बेस्ड टैरिफ के दायरे में आने वाले कुछ इंपोर्ट्स को इस फैसले से बाहर रखा गया है। इसके बावजूद अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा व्यापार समझौते (USMCA) के तहत आने वाले कई सामान भी नए नियमों से प्रभावित होंगे।
व्हाइट हाउस ने क्या कहा?

व्हाइट हाउस ने अपने बयान में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि कनाडा कई सालों से अमेरिकी इंडस्ट्रीज और कारोबार के साथ असमान और अनुचित व्यवहार कर रहा है। प्रशासन का आरोप है कि इससे अमेरिकी कंपनियों और कारोबारियों को आर्थिक नुकसान हुआ है। सरकार का कहना है कि नया टैरिफ अमेरिकी इंडस्ट्रीज की रक्षा करने और कनाडा को उसके व्यापारिक रवैये के लिए जवाबदेह बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है।
इस टैरिफ को लागू करने के लिए ट्रंप ने 1930 के टैरिफ एक्ट की धारा 338 का इस्तेमाल किया है। यह कानून राष्ट्रपति को विशेष अधिकार देता है कि अगर किसी देश पर अमेरिकी वस्तुओं के साथ भेदभाव करने का शक हो तो वह कांग्रेस की मंजूरी के बिना उस देश के उत्पादों पर 50 % तक टैरिफ लगा सकते हैं। इसी प्रावधान के आधार पर कनाडा के कई उत्पादों पर नया इम्पोर्ट ड्यूटी लगाई गई है।
कनाडा पर कार्रवाई की वजह क्या है?
पिछले कुछ समय से अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। ट्रंप पहले भी कनाडा पर अमेरिकी कारों, शराब और डेयरी प्रोडक्टस के साथ भेदभाव करने का आरोप लगा चुके हैं।
पिछले हफ्ते ट्रंप ने कनाडा में लगी भीषण जंगल की आग के कारण अमेरिका को हुए नुकसान का भी जिक्र करते हुए कड़े कदम उठाने की चेतावनी दी थी। हालांकि व्हाइट हाउस के एक सीनियर अधिकारी ने साफ किया कि सोमवार को घोषित टैरिफ का संबंध जंगल की आग से नहीं है। अधिकारी के अनुसार यह फैसला पूरी तरह व्यापारिक मुद्दों को ध्यान में रखकर लिया गया है।
पहले भी टैरिफ को लेकर विवाद हो चुका है
डोनाल्ड ट्रंप अपने पिछले कार्यकाल में भी कई देशों पर एक्स्ट्रा टैरिफ लगा चुके हैं। उन फैसलों को लेकर कानूनी विवाद हुआ था और अमेरिकी अदालतों में चुनौती दी गई थी। कुछ मामलों में कोर्ट ने उन टैरिफ को कानून के अनुरूप नहीं माना और सरकार को राहत देने के बजाय प्रभावित पक्षों के हक में फैसला सुनाया था।
अब कनाडा पर लगाए गए नए 50 % टैरिफ से दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों में फिर तनाव बढ़ सकता है। एक्सपर्ट का मानना है कि अगर यह फैसला तय समय पर लागू होता है तो इसका असर दोनों देशों के व्यापार, उद्योग और उपभोक्ताओं पर भी नजर आ सकता है।


Download Android App
Download iOS App




