उत्तर कोरिया के पूर्वी तट पर बन रहा नौसैनिक अड्डा, किम जोंग उन ने जल्द निर्माण पूरा करने का दिया निर्देश

Summary :

सोल, 12 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने देश के पूर्वी तट पर निर्माणाधीन एक बड़े नौसैनिक अड्डे का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर इसका निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अड्डे की सैन्य क्षमता बढ़ाने और रणनीतिक सैन्य संसाधनों की तैनाती को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के हवाले से योनहाप ने गुरुवार को बताया कि किम ने बुधवार को निर्माण स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नौसैनिक बंदरगाह की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण कार्य में तेजी लाने…

सोल, 12 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने देश के पूर्वी तट पर निर्माणाधीन एक बड़े नौसैनिक अड्डे का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर इसका निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अड्डे की सैन्य क्षमता बढ़ाने और रणनीतिक सैन्य संसाधनों की तैनाती को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए।

उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के हवाले से योनहाप ने गुरुवार को बताया कि किम ने बुधवार को निर्माण स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नौसैनिक बंदरगाह की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए कमान तथा निर्माण टीमों को मजबूत करने पर जोर दिया।

किम ने कहा, “आधुनिक नौसैनिक अड्डे का निर्माण देश की सुरक्षा और समुद्री संप्रभुता की रक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है।” उन्होंने इसे उत्तर कोरिया की नौसैनिक कमान, सैन्य संस्कृति और युद्धक क्षमता के विकास का केंद्र बनाने की आवश्यकता बताई।

इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने अड्डे के आधुनिकीकरण, उसकी बहुउद्देशीय क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रणनीतिक सैन्य संसाधनों की तैनाती पर भी अधिकारियों को निर्देश दिए।

उत्तर कोरिया पिछले कुछ समय से अपनी नौसेना के आधुनिकीकरण और समुद्री सैन्य क्षमताओं के विस्तार पर जोर दे रहा है। इसी वर्ष उसने 5,000 टन श्रेणी के दो विध्वंसक युद्धपोत ‘छोए ह्योन’ और ‘कांग कोन’ को सेवा में शामिल किया है। किम ने सितंबर में कहा था कि ‘कांग कोन’ देश की परमाणु जवाबी कार्रवाई प्रणाली का हिस्सा बनेगा।

इसके अलावा उत्तर कोरिया करीब 8,700 टन श्रेणी की परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बी के निर्माण में भी जुटा है। किम ने सितंबर में पूर्वी तट पर नए नौसैनिक अड्डों के निर्माण की जानकारी देते हुए अगले आठ महीनों में नौसैनिक क्षमता में एक और महत्वपूर्ण प्रगति का खुलासा करने की बात कही थी।

नौसैनिक अड्डे का यह निरीक्षण ऐसे समय हुआ है जब प्योंगयांग अपनी समुद्री सैन्य ताकत बढ़ाने के साथ युद्धपोत निर्माण और मिसाइल क्षमताओं के विकास को भी प्राथमिकता दे रहा है। हाल ही में इससे जुड़े कई परीक्षण भी किए गए। इससे क्षेत्र में पहले से मौजूद सुरक्षा चिंताओं के बीच पूर्वी एशिया की सामरिक स्थिति पर भी नजरें टिकी हुई हैं।

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.