श्रीलंका के आठवें राष्ट्रपति का चुनाव करने के लिए शनिवार को देशभर में मतदान हो रहा है, जिसमें मुख्य रूप से सत्तारूढ़ न्यू डेमोक्रेटिक फ्रंट (एनडीएफ) के साजित प्रेमदासा और श्रीलंका पोडुजना पेरमुना (एसएलपीपी) के गोतबाया राजपक्षे के बीच मुकाबला है। 12,845 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे समाप्त होगा।
वही, पुलिस ने बताया कि मन्नार में मतदाताओं को ले जा रही बसों के काफिले पर एक अज्ञात समूह ने गोलीबारी की तथा बस में आग लगा दी। इसके अलावा उन्होंने पत्थर भी फेंके। फिलहाल अब तक कोई घायल या गिरफ्तार नहीं हुआ है।
चुनावी मैदान में हैं 35 उम्मीदवार
लगभग 1.6 करोड़ श्रीलंकाई अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इस बार रिकॉर्ड 35 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। राजपक्षे और प्रेमदासा के अलावा, अन्य महत्वपूर्ण उम्मीदवार मार्क्सवादी जनत विमुक्ति पेरमुना (जेवीपी) या पीपल्स लिबरेशन फ्रंट के अनुरा कुमारा डिसेनायका और नेशनल पीपल्स मूवमेंट (एनपीएम) के महेश सेनानायके हैं, जो सेना में 36 साल सेवा देने के बाद अगस्त 2019 में सेवानिवृत्त हुए थे।
चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए 60,000 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की है। श्रीलंका में 50 प्रतिशत से एक वोट ज्यादा पाने वाले उम्मीदवार देश के आठवें राष्ट्रपति बन जाएंगे। अगर किसी उम्मीदवार को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल पाता है तो शीर्ष दो उम्मीदवारों के उन मतों की भी गिनती की जायेगी जिनमें मतदाताओं ने उन्हें दूसरे स्थान पर प्राथमिकता दी है।


Download Android App
Download iOS App



