बीजिंग, 25 मार्च (आईएएनएस)। चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने मंगलवार को ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराकची से फोन पर बात की। अराकची ने उन्हें क्षेत्रीय स्थिति में नवीनतम विकास से अवगत कराया और आपातकालीन मानवीय सहायता के लिए चीन के प्रति आभार व्यक्त किया।
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि ईरानी लोग विदेशी आक्रमण का मुकाबला करने और अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए पहले से कहीं अधिक एकजुट हैं। ईरान अस्थायी युद्धविराम नहीं बल्कि पूर्ण युद्धविराम चाहता है।
उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य सभी के लिए खुला है और जहाज सुरक्षित रूप से गुजर सकते हैं, लेकिन युद्धरत देश इसके दायरे में नहीं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पक्ष संघर्ष को बढ़ाने के बजाय स्थिति को शांत करने के लिए कदम उठाएंगे और उन्हें उम्मीद है कि चीन शांति स्थापना में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
दूसरी ओर, वांग यी ने चीन के सैद्धांतिक रुख को दोहराया कि सभी मुद्दों को सैन्य बल के बजाय संवाद और बातचीत के माध्यम से हल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बातचीत हमेशा संघर्ष से बेहतर होती है, जो ईरान के राष्ट्रीय हितों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की आकांक्षाओं के अनुरूप होती है।
चीनी विदेश मंत्री ने सभी पक्षों से शांति के लिए हर अवसर का लाभ उठाने और शीघ्र शांति वार्ता शुरू करने का आह्वान किया और कहा कि चीन तटस्थ रुख अपनाएगा, संप्रभुता के उल्लंघन का विरोध करेगा और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
डीकेपी/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



