White House Shooting: व्हाइट हाउस के पास शनिवार शाम गोलीबारी करने वाले एक हमलावर को सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने जवाबी फायरिंग में मार गिराया। जिस समय गोलीबारी हुई, उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। हमलावर की पहचान नसीरे बेस्ट के रूप में हुई है। न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभी हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है, लेकिन रिपोर्ट में बताया गया है कि वह मानसिक रूप से बीमार था।
करीब 60 राउंड फायरिंग

यह घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू एनडब्ल्यू के पास हुई। यह इलाका व्हाइट हाउस और आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग के बेहद करीब का इलाका है। अमरिकी सीक्रेट सर्विस के मुताबिक, शाम को करीब 6 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति सुरक्षा चेकपॉइंट के पास पहुंचा और अपने बैग से हथियार निकालकर अधिकारियों पर फायरिंग शुरू कर दी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान करीब 60 राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गोली लगने से घायल हुए हमलावर की मौत
सीक्रेट सर्विस ने बताया कि उनके अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हमलावर को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बयान में यह भी कहा गया कि गोलीबारी के दौरान एक आम नागरिक भी गोली लगने से घायल हुआ। हालांकि अधिकारियों को कोई चोट नहीं आई।
Nasire Best: पहले भी ट्रंप को मारने की धमकी दे चुका था
नसीरे बेस्ट पहले भी अपने टिक-टॉक वीडियो में डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की धमकी दे चुका था। उसने 9 दिसंबर 2025 को पोस्ट किए गए एक टिक टॉक वीडियो में कहा था कि अगर वह बटलर हमले में शामिल होता, तो ट्रंप मर चुके होते।
व्हाइट हाउस के पास जाने से रोकने का आदेश
इससे पहले अदालत ने बेस्ट को व्हाइट हाउस के पास जाने से रोकने का आदेश दिया था। लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार, 21 साल के बेस्ट ने इस आदेश का उल्लंघन किया।
24 मई (भारतीय समयानुसार) को सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने उसे 17वीं स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट पर संदिग्ध हरकतें करते देखा। इसके बाद उसने अचानक बंदूक निकालकर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया।


Download Android App
Download iOS App




