कोरोना की उत्पत्ति का पता लगाने के लिए WHO टीम ने वुहान में प्रांतीय रोग नियंत्रण केंद्र का किया दौरा

Summary :

कोरोना वायरस की उत्पत्ति का पता लगाने के लिए चीन पहुंचे विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दल ने यहां एक प्रांतीय रोग नियंत्रण केंद्र का दौरा किया जो संक्रमण के शुरुआती प्रबंधन में शामिल था।

कोरोना वायरस की उत्पत्ति का पता लगाने के लिए चीन पहुंचे विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दल ने यहां एक प्रांतीय रोग नियंत्रण केंद्र का दौरा किया जो संक्रमण के शुरुआती प्रबंधन में शामिल था। डब्ल्यूएचओ के जांचकर्ताओं का दल पिछले महीने हुबेई की प्रांतीय राजधानी वुहान पहुंचा था। 
यह दल वुहान के उन अस्पतालों का दौरा कर चुका है, जहां महामारी की शुरुआत में कोरोना वायरस के मरीजों का उपचार किया गया था। डब्ल्यूएचओ के विशेषज्ञों ने रविवार को वुहान के ‘सीफूड मार्केट’ का दौरा किया था। डब्ल्यूएचओ की टीम ऐसे समय में हुबेई प्रांतीय रोग नियंत्रण केंद्र पहुंची, जब चीन ने वायरस संबंधी सूचना तक पहुंच नियंत्रित कर रखी है। 
चीन शुरुआत से ही संक्रमण से निपटने के दौरान पर्याप्त कदम नहीं उठाए जाने संबंधी आरोपों को नजरअंदाज करता रहा है। उसका कहना है कि यह वायरस किसी अन्य देश से उसके देश में आया। चीन ने कोरोना वायरस संक्रमण को देश में काफी हद तक काबू कर लिया। चीन में सोमवार को संक्रमण के 33 नए मामले सामने आए। 

Desk Team