इजराइली युद्धक विमानों ने शनिवार तड़के गाजा पट्टी में दो ठिकानों को निशाना बनाया। इजराइली सेना ने बताया कि गाजा से इजराइल में भेजे गए आग लगाने वाले गुब्बारे के जवाब में यह किया गया। इजराइली सेना ने बताया कि उसने हमास के एक सैन्य परिसर और एक रॉकेट प्रक्षेपण स्थल को निशाना बनाया। यह कार्रवाई तब की गयी जब इजराइल में चार आग लगाने वाले गुब्बारे छोड़े गए, जिससे जमीन पर आग लग गयी और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा।
इजराइल या गाजा में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। हमास ने अभी कोई टिप्पणी नहीं की है। इजराइली मीडिया ने बताया कि गाजा पट्टी के समीप एक इलाके में शुक्रवार दोपहर को आग लगाने वाले गुब्बारों से चार जगह आग लगी। इस घटना से दो महीने पहले इजराइल और हमास के बीच 11 दिन तक युद्ध चला। गाजा में 2007 में हमास के सत्ता में आने के बाद से यह चौथी लड़ाई थी।
हमास इस बात से नाराज है कि इजराइल ने लड़ाई खत्म होने के बाद से इस क्षेत्र में नाकाबंदी को खत्म करने के लिए बहुत कम प्रयास किया है और वह दबाव बनाने के हथकंडे के तौर पर आग लगाने वाले गुब्बारों का इस्तेमाल करता दिखाई दिया। इजराइल के नए प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने गुब्बारों की तुलना रॉकेट छोड़ने से की है।


Download Android App
Download iOS App



