कोरोना वायरस प्रकोप के चलते चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की जापान की प्रस्तावित आधिकारिक यात्रा टाल दी गई है। जापान सरकार के एक प्रवक्ता ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
मुख्य कैबिनेट सचिव योशीहिदे सुगा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘राष्ट्रपति शी की जापान यात्रा दोनों के लिए सुविधाजनक समय पर होगी।’’
सुगा ने कहा कि फिलहाल दोनों देशों के सामने कोरोना वायरस को काबू में करने की चुनौती है और इसे प्राथमिकता दिए जाने की जरूरत है।
ओसाका में पिछले साल जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने शी को जापान आने का न्यौता दिया था और शी इस बसंत में जापान की यात्रा पर जाने वाले थे।
पिछली बार वर्ष 2008 में चीनी राष्ट्रपति ने जापान का दौरा किया था और अब शी की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय करार होने की उम्मीद जताई जा रही थी।
दुनियाभर में कोरोना वायरस ने 95 हजार से अधिक लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है जबकि 3200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



