भदोही जिले के थाना औराई क्षेत्र से दहेज के कारण महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आपको बतादें कि जिले के औराई थाना क्षेत्र गांव महदेपुर में दहेज में कार की मांग को लेकर यहां कथित तौर पर पति ने अपने संबंधियों के साथ मिलकर अपनी पत्नी को मार डाला।
पुलिस ने महिला के पति सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ दहेज़ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया सभी आरोपी घर में ताला बंद कर फरार हो गए है।
थानाध्यक्ष राम जी यादव ने बताया महदेपुर निवासी प्रवीण कुमार दूबे की शादी मिर्ज़ापुर निवासी प्रकाशिनी मिश्रा (22) के साथ दो साल पहले हुई थी। आरोप है की शादी के साल भर के बाद ससुराल वाले दहेज़ में एक कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक बीती आधी रात प्रकाशिनी को संदिग्ध हालत में उसके ससुराल वाले एक अस्पताल ले गए जहाँ डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दंपत्ति की एक तीन माह की लड़की है।
मौत की सूचना पर लड़की के पिता करूणानिधि मिश्रा ने आज यहाँ पहुंच कर मृतका के पति सहित कुल ग्यारह लोगों के खिलाफ दहेज़ के लिए हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। राम जी यादव के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।