नई दिल्ली : सिख पंथ के संस्थापक श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व को लेकर डीएसजीएमसी विशेष प्रबंधों में जुटी है। डीएसजीएमसी द्वारा आए दिन प्रकाश पर्व को समर्पित कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस कड़ी में अब डीएसजीएमसी ने गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व थीम सांग लॉन्च करने का निर्णय लिया है। यह थीम सांग श्री गुरु नानक देव द्वारा दिए गए संदेशों और उनकी शिक्षाओं पर आधारित होगा।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रकाश पर्व वाले माह यानी नवंबर में इसे लॉन्च किया जाएगा। डीएसजीएमसी के सूत्रों के मुताबिक थीम सांग के लिरिक्स के लिए पंजाबी गीतकार बाबू मान सिंह का नाम सामने आ रहा है। वहीं यह अटकलें हैं कि पंजाब के जाने-माने गायक नच्छतर गिल इस थीम सांग को गाएंगे। ज्ञात हो कि इससे पहले श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 300वें प्रकाश पर्व पर मशहूर गायक दलेर महंदी द्वारा थीम सांग गाया गया था।
प्रिंटिड टी-शर्ट के जरिए संगतों को जोड़ने का प्रयास
श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के साथ अधिक से अधिक संगतों को जोड़ने के लिए डीएसजीएमसी लगातार प्रयास कर रही है। इस कड़ी में अब डीएसजीएमसी ने गुरु साहिब के संदेश वाली प्रिंटिड टी-शर्ट के माध्यम से संगतों को प्रकाश पर्व से जोड़ने का अनूठा प्रयास किया है। जहां कुछ टी-शर्ट पर ‘550 साल गुरु नानक दे नाल’ प्रिंटिड है तो कुछ पर गुरु साहिब के संदेश ‘नाम जपो, कीरत करो, वंड छको’ प्रिंटिड किए गए हैं। वहीं कुछ टी-शर्ट पर गुरु नानक देव के जन्म स्थान ननकाना साहिब की तस्वीर भी प्रिंटिड है।
– दिनेश बेदी