केरल की बाढ़ में कुछ महिलाओं को बचाने के लिए एक मछुआरे ने अपनी पीठ आगे कर दी थी। इस शख्स की पीठ पर चढ़कर कुछ महिलाएं नावों में पहुंची थीं. इस मछुआरे को असाधारण मदद के लिए अब महिंद्रा की कार गिफ्ट में मिली है. इस कार की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है।
पिछले महीने केरल में भारी बारिश और फिर दो बांधों के दरवाजे खोलने के बाद 100 साल की सबसे भयंकर बाढ़ आई थी। इस आपदा में करीब 400 लोगों की जान गई थी और तकरीबन 8000 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ था। राज्य अब इस त्रासदी के बाद वापस खुद को बनाने की कोशिश कर रहा है।
इस विनाशकारी जलप्रलय के बीच राज्य के मल्लापुरम से एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक 32 वर्षीय मछुआरे जैसल केपी ने एक वृद्ध महिला को नाव में चढ़ाने के लिए अपनी पीठ का सहारा दिया था। इस काम के लिए उनकी खूब सराहना की गई थी और सोशल मीडिया पर जैसल का वीडियो वायरल हो गया था।