राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव एम्स में विशेष इलाज के लिए आज दिल्ली पहुंच गए हैं। इस दौरान स्टेशन पर बेटी मीसा भारती सहित आरजेडी के कई नेता मौजूद थे। लालू प्रसाद के साथ विधायक भोला यादव, झारखंड राजद की अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी, असगर अली, कामेश्वर, जनार्दन, संजय सिंह व रमा तिग्गा हैं। लालू प्रसाद यादव बुधवार की शाम बेहतर इलाज के लिए राजधानी एक्सप्रेस से त्रिस्तरीय सुरक्षा में रांची से दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। राजद के एक वरिष्ठ नेता ने इसकी जानकारी दी।
रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सांइस) मेडिकल बोर्ड की सिफारिश पर उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में गुरुवार को भर्ती किया जाना है। लालू की सुरक्षा तीन लेयर में है। इसमें पहली सुरक्षा उत्तर प्रदेश आरपीएफ, दूसरी रांची आरपीएफ और तीसरी सुरक्षा में रांची पुलिस के जवान तैनात हैं। लालू चारा घोटाला मामले में 23 दिसंबर से जेल में बंद हैं।
लालू के साथ यात्रा कर रहे राजद नेता भोला प्रसाद ने कहा, ‘‘ वह कल शाम रांची- नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से रवाना हुए और आज दिल्ली पहुंचने वाले हैं।’’ लालू को स्वास्थ्य संबंधी शिकायत पर 17 मार्च को राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस( रिम्स) में भर्ती कराया गया था।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करे।