केंद्र के तीन कृषि अध्यादेशों के खिलाफ किसानों और किसान संगठनों ने संसद भवन तक कूच का ऐलान किया है। वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिल को किसानों के पक्ष में बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। कांग्रेस द्वारा बिल का विरोध करने पर नड्डा का कहना है कि कांग्रेस को राजनीति के सिवाय और कुछ नहीं आता है।
जेपी नड्डा ने कहा, किसानों को दृष्टि में रखते हुए संसद में तीन बिल आए हैं। आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक 2020 को कल लोकसभा में पारित कर दिया गया। उसी तरह से किसान उपज व्यापार एवं वाणिज्य (संवर्धन एवं सुविधा) विधेयक और किसानों (सशक्तिकरण एवं संरक्षण) का मूल्य आश्वासन अनुबंध एवं कृषि सेवाएं विधेयक 2020 ये तीनों बिल जिनपर अभी लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा हो रही हैं, ये तीनों बिल बहुत दूर दृष्टि रखते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘तीनों ही विधेयक किसानों को नई आजाद हवा देने का काम करेंगे। इसके बाद किसान को आजादी होगी अपना उत्पाद बेचने की। यह तीनों विधेयक बहुत ही क्रांतिकारी हैं और जमीनी स्तर पर परिवर्तन लाने वाले हैं। इससे किसानों की तस्वीर बदलेगी, तकदीर बदलेगी, उनके हालात में मूलभूत परिवर्तन होगा। उत्पाद का उसका उचित मूल्य मिलेगा।’’
एक बार फिर सड़क पर देश का अन्नदाता, केंद्र के 3 अध्यादेशों के खिलाफ संसद तक कूच करेंगे किसान
नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज इन विधेयकों का विरोध कर रही है जबकि चुनावों में किसानों को लुभाने के लिए वह इसी प्रकार के वादों को अपने घोषणा पत्र का हिस्सा बनाती है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘विधेयकों को ले कर कांग्रेस का विरोध राजनीति के सिवाय कुछ नहीं। यह उसका दोहरा चेहरा है। हर चीज में इनका काम राजनीति करना है। कांग्रेस को सिवाय राजनीति के कुछ नहीं आता।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार इन विधेयकों के माध्यम से जो कर रही है, उसका वादा कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में किया गया था।’’ उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक का लोकसभा और राज्यसभा में विरोध कर रही है और किसानों को लुभाने के लिए इसे अपने घोषणा पत्र में डालती है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज वह दुनिया को गुमराह कर रही है। झूठ बोल रही है। यह कांग्रेस की पॉलिटिक्स है।’’