प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत में बाघों की स्थिति 2014 के मुकाबले 2018 में बेहतर हुई है। उन्होंने यहां अपने आधिकारिक आवास पर ऑल इंडिया टाइगर एस्टिमेशन के चौथे चक्र के परिणाम जारी करते हुए कहा, ‘भारत में 2014 में जहां बाघों की संख्या 2,226 थी, वहीं अब 2018 में यह आकंड़ा 2,967 हो गया है।’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘नौ साल पहले, सेंट पीटर्सबर्ग में निर्णय लेकर साल 2022 तक बाघों की आबादी दोगुनी करने का लक्ष्य रखा गया था। भारत में हमने यह लक्ष्य चार साल पहले पूरा कर लिया।’ उन्होंने आगे कहा, ‘घोषित किए गए बाघ जनगणना के परिणामों से हर भारतीय को और हर प्रकृति प्रेमी को खुशी मिलेगी।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘‘आज हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि भारत करीब 3 हज़ार बाघों के साथ दुनिया के सबसे बड़े और सबसे सुरक्षित पर्यावास में से एक है।’’ उन्होंने कहा कि विकास या पर्यावरण की चर्चा पुरानी है। हमें सहअस्तित्व को भी स्वीकारना होगा और सहयात्रा के महत्व को भी समझना होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ मैं महसूस करता हूं कि विकास और पर्यावरण के बीच स्वस्थ संतुलन बनाना संभव है। हमारी नीति में, हमारे अर्थशास्त्र में, हमें संरक्षण के बारे में संवाद को बदलना होगा।’’ उन्होंने कहा कि बीते पांच वर्षों में जहां देश में अगली पीढ़ी के आधारभूत ढांचे के लिए तेजी से कार्य हुआ है, वहीं भारत में वन क्षेत्र का दायरा भी बढ़ रहा है। देश में संरक्षित क्षेत्रों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।
उन्नाव दुर्घटना मामले की सीबीआई जांच को तैयार योगी सरकार
मोदी ने कहा कि 2014 में भारत में संरक्षित क्षेत्रों की संख्या 692 थी जो 2019 में बढ़कर अब 860 से ज्यादा हो गई है। साथ ही सामुदायिक संरक्षित क्षेत्रों की संख्या भी साल 2014 के 43 से बढ़कर अब सौ से ज्यादा हो गई है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ मैं इस क्षेत्र से जुड़े लोगों से यही कहूंगा कि जो कहानी ‘एक था टाइगर’ के साथ शुरू होकर ‘टाइगर जिंदा है’ तक पहुंची है, वो वहीं न रुके। केवल ‘‘टाइगर जिंदा है’’, से काम नहीं चलेगा।
बाघ संरक्षण से जुड़े जो प्रयास हैं उनका और विस्तार होना चाहिए, उनकी गति और तेज की जानी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारत आर्थिक एवं पर्यावरण के दृष्टिकोण से समृद्ध होगा। भारत अधिक संख्या में सड़कें बनायेगा और देश में अधिक संख्या में स्वच्छ नदियां होंगी। भारत में अधिक रेल सम्पर्क होगा और अधिक संख्या में वृक्षों का दायरा बढ़ेगा।