चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अगले 5 वर्षों में प्रदेश के हर खेत तक पक्के रास्ते बनाए जाएंगे ताकि किसानों को अपनी फसल की पैदावार ढ़ोने तथा अन्य कृषि कार्यों के लिए आवागमन में आसानी हो। मुख्यमंत्री यहां सीएम हाऊस में प्रदेशभर से आए मार्केट कमेटी के चेयरमैन व वाइस चेयरमैनों के साथ सीधा संवाद कर रहे थे।
हरियाणा में मंडी सिस्टम पूरे देश में बेहतर : मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में हरियाणा में मंडी सिस्टम पूरे देश में बेहतर है। उन्होंने मार्केट कमेटी के चेयरमैन व वाइस चेयरमैनों से आह्वान किया कि वे किसानों के सामने आने वाली परेशानियों को दूर करने में सहयोग करने के साथ-साथ किसानों को जागरूक भी करें ताकि उनको फसलों का लाभकारी मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में विकास करने के अलावा व्यवस्था परिवर्तन भी किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्केट कमेटी के चेयरमैन व वाइस चेयरमैनों की जिम्मेवारी बनती है कि वे किसानों को उनके उत्पाद की सही मार्केटिंग करने में मदद करें। किसानों के अथक परिश्रम की बदौलत ही हरियाणा राज्य कृषि के क्षेत्र में अग्रणी है। हरियाणा का मेहनतकश किसान जहां देश के लोगों का पेट भरने में अपना अहम योगदान देता है वहीं उसका अन्न के निर्यात में भी अहम योगदान है।
उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि के साथ खुंबी उत्पादन, मधुमक्खी पालन, मछली पालन जैसे व्यवसाय भी करने चाहिएं ताकि उनकी आय में बढ़ोतरी हो सके। मार्केट कमेटी के चेयरमैन के पहचान-पत्र बनाए जाएंगे: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि मार्केट कमेटी के चेयरमैन व वाइस चेयरमैनों के पहचान-पत्र बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की मंडियों में सबसे अच्छा खरीद सिस्टम है जो कि प्रदेश के लिए गौरव की बात है, अब रूकना नहीं है तथा अधिक बेहतरी के लिए निरंतर आगे बढ़ते रहना है। श्री धनखड़ ने सभी चेयरमैन व वाइस चेयरमैनों से जिला-वाइज उनकी मंडियों की समस्याओं की जानकारी ली तथा सुधार के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए।
(आहूजा)