मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना से बिहार में 42 नए पुलों का होगा निर्माण

Summary :

ग्रामीण सेतु योजना के तहत बिहार में 42 नए पुल बनेंगे

बिहार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलों के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना फिर से शुरू की गई है। इस योजना के तहत 42 से अधिक पुलों का निर्माण यहां कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जून महीने तक ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों में जो भी गड्ढे हैं, उन्हें ठीक कर दिया जाएगा।

दरअसल, मंत्री अशोक चौधरी मंगलवार को समस्तीपुर पहुंचे थे और विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की थी। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत 250 से अधिक आबादी वाले गांवों को सड़क से जोड़ा जा रहा है। अब तक 31,593 किलोमीटर सड़क और 121 पुल बनाए जा चुके हैं। 100 से अधिक आबादी वाले गांवों को जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना शुरू की गई है।

समस्तीपुर और दरभंगा जिले में 180 करोड़ रुपये की लागत से 210 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इससे 146 गांवों को सड़क से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यह पसंदीदा योजना है। उन्होंने कहा कि 30 जून तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत ‘ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम’ को बिहार मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दी है। इस योजना के तहत समस्तीपुर जिले में 607 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनकी कुल लंबाई 1065 किलोमीटर होगी और इस पर करीब 864 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मंत्री चौधरी ने कहा कि 31 मार्च 2024 के बाद पंचवर्षीय अनुरक्षण अवधि से बाहर हो चुकी सड़कों को वित्तीय वर्ष 2024-25 में ही स्वीकृति दी जाएगी। इस योजना के तहत सभी सड़कों की निविदा एक सप्ताह के भीतर जारी होगी। मार्च 2025 के अंत तक निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि समस्तीपुर और दरभंगा जिले में उन्होंने बेटी के लिए वोट मांगा था, इसलिए उनकी जवाबदेही इस जिले में और अधिक बढ़ गई है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.