बीपीएससी 70वीं मुख्य परीक्षा 25 अप्रैल से, 17 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन

Summary :

बीपीएससी मुख्य परीक्षा की तिथि घोषित, 25 अप्रैल से होगी शुरुआत

बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन अभी जारी है। इस बीच, बीपीएससी ने मुख्य परीक्षा की तिथि बुधवार को जारी कर दी। मुख्य परीक्षा 25 अप्रैल से शुरू होगी जबकि अभ्यर्थी 17 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी सूचना के मुताबिक 70वीं प्रारंभिक परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 25 अप्रैल से शुरू होगी और 30 अप्रैल तक चलेगी। यह परीक्षा दो पालियों में ली जाएगी। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

जारी सूचना के अनुसार, एकीकृत 70वीं संयुक्त मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा के अनिवार्य विषय की परीक्षा 25 अप्रैल से 30 अप्रैल तक पटना मुख्यालय स्थित परीक्षा केंद्रों में ली जाएगी। 25 अप्रैल को 9.30 बजे पूर्वाह्न से 12.30 बजे अपराह्न तक सामान्य हिंदी जबकि उसी दिन दूसरी पाली में अपराह्न दो बजे से पांच बजे तक निबंध की परीक्षा होगी।

26 अप्रैल को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न तक सामान्य अध्ययन (प्रथम पत्र) की परीक्षा होगी जबकि 28 अप्रैल को सामान्य अध्ययन (द्वितीय पत्र) की परीक्षा होगी। 29 अप्रैल को दोनों पालियों में परीक्षा होगी जबकि 30 अप्रैल को सिर्फ एक पाली में वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी से संबंधित ऐच्छिक विषय की परीक्षा होगी। 70वीं प्रारंभिक परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थी 21 फरवरी से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे। आवेदन भरने की अंतिम तिथि 17 मार्च है। उल्लेखनीय है कि बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा ली गई 70वीं प्रारंभिक परीक्षा को रद्द कर पुनर्परीक्षा लेने की मांग को लेकर आंदोलन जारी है। पटना में मंगलवार को भी प्रदर्शन हुआ। मंगलवार को पटना में छात्र और शिक्षक सड़क पर उतरे थे और परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.