बिहार में गया-कोडरमा रेलवे लाइन पर स्थित गुरपा स्टेशन के पास बुधवार सुबह कोयले से लदी मालगाड़ी के 53 डिब्बे बेपटरी हो गए। मालगाड़ी का ब्रेक फेल होने के करण ये हादसा हुआ। घटना में लोको पायलट और गार्ड पूरी तरह से सुरक्षित हैं। फिलहाल इस रूट पर ट्रेन का परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है।
दो भागों में बंट गई मालगाड़ी
जानकारी के मुताबिक गझण्डी-गुरपा घाटी सेक्शन के दिलवा स्टेशन के पास से मालगाड़ी का ब्रेक फेल होकर बुधवार सुबह लॉस ऑफ कंट्रोल हो गया। फिर गुरपा स्टेशन का सिग्नल पार करते ही ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दौरान इंजन से पीछे एक वैगन का कपलिंग टूट जाने से मालगाड़ी दो भागों में बंट गई।
हादसे की आवाज से सहमे लोग
एक वैगन को लेकर इंजन घसीटते हुए करीब 500 मीटर दूर जाकर आरपीएफ बैरक के पास रूक गया। बाकी के टकराकर एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए। हालांकि इस हादसे में ड्राइवर व गार्ड सुरक्षित हैं। बताया गया कि हादसे की आवाज इतनी भीषण हुई कि करीब चार-पांच किलोमीटर क्षेत्र के लोग सहम गए और घटनास्थल की ओर दौड़ भागे।
घटना की सूचना पाते ही गया जंक्शन के अधिकारियों की टीम मौके के लिए रवाना हुई। धनबाद रेल मंडल के अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। कोडरमा आरपीएफ की टीम इंस्पेक्टर जवाहरलाल के नेतृत्व में दुर्घटना स्थल को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया। फिलहाल घटनास्थल पर कार्य जारी है।
हादसे के करीब 3 घंटे बाद एक जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची और मलबा को हटाने का काम शुरू कर दिया गया। कहा जा रहा है कि अपलाइन का ट्रैक भी उखड़ गया है। बिजली के कई खंभे टूट गए और ट्रेक्शन तार भी क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद कोयला रेलवे ट्रेक पर फैल गया।


Download Android App
Download iOS App



