पश्चिम बंगाल में बिहार के थानेदार अश्विनी कुमार की हत्या मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। बिहार पुलिस ने थानेदार को भीड़ में अकेला छोड़कर भागने वाले 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड कर दिया है। आईजी के निर्देश पर एसपी ने यह बड़ी कार्रवाई की।
दरअसल, नगर थाना प्रभारी अश्विनी कुमार बाइक लूट की घटना को लेकर सीमावर्ती पश्चिम बंगाल के पनतापारा में छापेमारी करने के लिए अपनी टीम के साथ गए थे। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने टीम पर हमला कर दिया। हालांकि अन्य पुलिसकर्मी वहां से भाग गए थे। लेकिन थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बंगाल के डीजीपी ने बिहार के डीजीपी से बातचीत कर मामले में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। सस्पेंड पुलिसकर्मियों में सर्किल इंस्पेक्टर मनीष कुमार भी शामिल हैं। परिजनों का कहना था कि थानाध्यक्ष के साथ गए पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल अगर वहां मौजूद रहकर एक भी गोली चला देते तो शायद भीड़ के चंगुल से उनके भाई की जान बच जाती।
बता दें कि किशनगंज थाने में पार्थिव शरीर आने और गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद परिजनों में पुलिस के प्रति नाराजगी देखी गई। किशनगंज के टाउन थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार की हत्या के बाद गुस्साए परिजनों ने साजिश के तहत थानाध्यक्ष की हत्या का आरोप लगाया था।


Download Android App
Download iOS App



