Aaj Ka Mausam 14 April 2026: देशभर के कई राज्यों में गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। आधा अप्रैल बीतने के साथ कई शहरों का तापमान 40°C तक पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल समेत 9 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में इस दौरान 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। जहां मैदानी क्षेत्रों में चटकती धूप परेशान कर रही है, वहीं पहाड़ों में मौसम ठंडा बना हुआ है। आइए जानते हैं, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
Delhi Weather: दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 14 अप्रैल को दिन में तेज हवाएं चलेंगी। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा और गर्मी बढ़ने लगेगी। आज तापमान करीब 36°C तक जा सकता है। 15 से 18 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा और तापमान बढ़कर लगभग 38°C तक पहुंच सकता है।
Uttar Pradesh Weather: यूपी में चलेगी लू
उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गर्मी का रौद्र रूप देखने को मिलेगा, जिसमें लू चलेगी। आज न्यूनतम तापमान 25°C और अधिकतम 40°C तक रहने की उम्मीद है। जिन इलकों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है, उसमें राजधानी लखनऊ समेत वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, गोरखपुर, आगरा, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बिजनौर, बागपत, हापुड़, बरेली, जौनपुर, देवरिया और मिर्जापुर शामिल है।
Bihar Weather: बिहार में बढ़ी गर्मी

अप्रैल आधा बीतने वाला है और बिहार में गर्मी काफी बढ़ गई है। सुबह से ही तेज धूप रहती है और दोपहर में गर्मी और ज्यादा बढ़ जाती है। लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 18 अप्रैल के बाद दक्षिण और मध्य बिहार के कई इलाकों में तापमान और बढ़ेगा और 40°C से ऊपर जा सकता है।
Temperature Forecast For 11 Cities: इन 11 शहरों में आज कितना रहेगा तापमान?
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| दिल्ली | 37°C | 23°C |
| रांची | 34°C | 22°C |
| जयपुर | 37°C | 24°C |
| चेन्नई | 34°C | 27°C |
| नैनीताल | 27°C | 16°C |
| मुंबई | 32°C | 27°C |
| पटना | 37°C | 22°C |
| भोपाल | 38°C | 26°C |
| शिमला | 24°C | 12°C |
| कोलकाता | 37°C | 27°C |
| लखनऊ | 38°C | 24°C |























