कोरोना महामारी के बीच, भारतीय जनता पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी अगले सप्ताह से शुरू करने जा रही है। चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर गृह मंत्री अमित शाम 9 जून को बिहार में ऑनलाइन रैली कर प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बिहार के 243 विधानसभा क्षेत्रों के कम से कम एक लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है और इसके अलावा लोग सोशल नेटवर्किंग साइट पर भी भाषण सुन सकते हैं।
उन्होंने कहा,‘‘ इस ऑनलाइन रैली को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए हमारे डिजिटल प्रचार अभियान की शुरुआत कहा जा सकता है। गृह मंत्री की 9 जून की रैली के बाद पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा का इसी तरह का सार्वजनिक संबोधन होगा।’’ बिहार में इस साल नवंबर तक विधानसभा चुनाव होने हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने 21 मई को कहा था “कोरोना वायरस संक्रमण ने दुनिया भर में जब कामकाज का तरीका बदल दिया, तब इस साल बिहार विधानसभा चुनाव भी डिजिटल तरीके से ऑनलाइन क्यों नहीं हो सकता? चुनाव आयोग अगर ऐसी व्यवस्था करता है, तो वह निष्पक्षता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित करेगा”।
उन्होंने प्रदेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद पर निशाना साधते हुए कहा था, “इसको लेकर केवल वही लोग दुराग्रही हो सकते हैं, जिन्हें ईवीएम आने के बाद से बूथ लूट कर सत्ता हथियाने के मौके मिलने बंद हो गए। गरीबों के वोट लूटकर मतपेटियों से जिन्न निकलने का दावा करने का तिलिस्म टूटने से बौखलाए लोग ऑनलाइन चुनाव प्रचार के विरुद्ध विमर्श गढ़ने में लग गए हैं।’’ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने ऑनलाइन मतदान के बारे में पूछे जाने पर इसकी संभावना से इंकार कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



