भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह आज (शनिवार) शाम पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के पटना शहरी इलाके में रोड शो करेंगे। पटना के शहरी इलाकों में आयोजित इस रोड शो में भाजपा के कई दूसरे बड़े नेता भी भाग लेंगे। शाह का रोडशो कदम कुआं चौक स्थित दुर्गा मंदिर से शुरू होकर साहित्य सम्मेलन, ठाकुर बाड़ी रोड, बाकरगंज बारी पथ होते हुए गांधी मैदान के उद्योग भवन के पास खत्म होगा।
करीब तीन घंटे तक होने वाला इस रोडशो में भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, मंत्री नंदकिशोर यादव, पटना साहिब से भाजपा उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद भी शामिल होंगे। मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि इस रोड शो को लेकर आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि यह रोड शो शाम को पांच बजे प्रारंभ होगा। पटना साहिब लोकसभा सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद को मैदान में उतारा है जबकि विपक्ष के महागठबंधन की ओर से कांग्रेस के नेता शत्रुघ्न सिन्हा चुनावी मैदान में हैं। सिन्हा कुछ ही दिन पूर्व भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



